सोमवार, 15 जून 2020

महाराष्ट्र सरकार में दरार? ज्यादा अधिकारों की मांग लेकर सीएम उद्धव ठाकरे से मिलेंगे कांग्रेस नेता

महाराष्ट्र सरकार में दरार? ज्यादा अधिकारों की मांग लेकर सीएम उद्धव ठाकरे से मिलेंगे कांग्रेस नेता
मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में शिवसेना  की अगुवाई वाली महाराष्ट्र विकास अघाड़ी  सरकार में बेचैनी की दरार अब साफ दिखने लगी है. गठबंधन सरकार में साझेदार कांग्रेस ने महत्वपूर्ण फैसलों और जरूरी बैठकों में अपनी सहभागिता दर्ज कराने की मांग की है. पार्टी से जुड़े एक सूत्र ने शनिवार को कहा कि इस बाबत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अगले हफ्ते मुलाकात करेंगे. एक कांग्रेस नेता के अनुसार, मुख्यमंत्री ने एनसीपी मुखिया शरद पवार से मुलाकात की, जिसमें कोरोना वायरस और चक्रवात निसर्ग  पर चर्चा की. इससे यह एहसास हो रहा है कि कांग्रेस  को बाहर रखा जा रहा है.

कांग्रेस के मंत्री ने कहा, 'कुछ मुद्दों पर पार्टी के भीतर कुछ नाराजगी है, जिसे लेकर हम सीएम के साथ चर्चा करना चाहते हैं और हल निकालना चाहते हैं.' पार्टी के एक अन्य नेता ने कहा कि जब पिछले साल नवंबर में तीन-पार्टी की सरकार बनी थी और मंत्रिपरिषद की शपथ लेने के बाद तब यह तय किया गया था कि सत्ता और जिम्मेदारियों का समान बंटवारा होगा.

ये दो नेता करेंगे सीएम से मुलाकात
पार्टी सूत्र ने कहा कि राज्य के कांग्रेस प्रमुख बालासाहेब थोराट  और पीडब्लूडी मंत्री अशोक चव्हाण  सोमवार को ठाकरे से मिलेंगे. सूत्र ने दावा किया कि दोनों नेता राज्यपाल के कोटे से विधान परिषद के नामांकन, राज्य में चलने वाले बोर्ड और निगमों के लिए नियुक्तियां, कांग्रेस के मंत्रियों की समस्याओं पर चर्चा करेंगे.इससे पहले कांग्रेस के नेताओं ने मुलाकात की थी. नेताओं ने  कहा था कि पार्टी के नेताओं और मंत्रियों को गठबंधन सरकार में निर्णय लेने की प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बनाया जा रहा है. इस दौरान वहां सीएम उद्धव के करीबी मिलिंद नार्वेकर भी मौजूद थे.